सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, शांतिपूर्ण आयोजन का दिया गया निर्देश


खिजरसराय अनुमंडल में सरस्वती पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) केशव आनंद एवं पुलिस पदाधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने संयुक्त रूप से की।

बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने कहा कि सरस्वती पूजा आस्था और सौहार्द का पर्व है, इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

वहीं पुलिस पदाधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास पुलिस गश्ती बढ़ाई जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने आयोजकों से भी अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित समय सीमा में ही पूजा एवं विसर्जन का कार्य संपन्न कराएं।


बैठक में अंचल अधिकारी, खिजरसराय नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना अध्यक्ष, शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में आपसी भाईचारा बनाए रखने की बात कही।
प्रशासन की ओर से आम लोगों से भी सहयोग की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि यदि कहीं भी कोई समस्या, विवाद या संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाना या प्रशासनिक अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

बैठक के अंत में सभी ने एकजुट होकर सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।