
फतेहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस बल पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बुधवार को सख्त रुख अपनाते हुए 11 नामजद अभियुक्तों के घरों में कुर्की की कार्रवाई की। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर मतसो पंचायत अंतर्गत बड़गांव गांव में की गई।
पुलिस के अनुसार, कुर्की की कार्रवाई जिन अभियुक्तों के विरुद्ध की गई, उनमें विपिन राजवंशी, कमलेश राजवंशी, रंजन राजवंशी, करिश्मा देवी, लाछो देवी, बंटी राजवंशी, मनोज राजवंशी, नीतीश राजवंशी और रीना देवी शामिल हैं। सभी अभियुक्त पुलिस पर हमला करने,सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और कानून व्यवस्था भंग करने के आरोप में फरार चल रहे थे।
गौरतलब है कि पूर्व कुर्की की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर ग्रामीणों एवं उपद्रवी तत्वों द्वारा ईंट-पत्थर से हमला किया गया था। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे तथा सरकारी वाहन को भी क्षति पहुंचाई गई थी। उक्त घटना के बाद न्यायालय के निर्देश पर फरार अभियुक्तों के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें एसआई सोनू कुमार, एसआई अमरेंद्र कुमार, एएसआई अरविंद सिंह, एएसआई मनोज कुमार, चंदन कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिस बल पर हमला करने वालों और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।











Leave a Reply