
फतेहपुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। सलैया कला पंचायत अंतर्गत सिवाना गांव निवासी एक महिला के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने 35 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली। पीड़िता ने इस संबंध में फतेहपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता गुल चमन खातुन, पति आमिर अंसारी ने बताया कि 30 जनवरी 2025 की रात उनके मोबाइल फोन से सिम कार्ड चोरी कर लिया गया। उस समय वह घर में सोई हुई थीं। अगले दिन मोबाइल देखने पर सिम कार्ड गायब मिला। परिवार के सदस्यों से पूछताछ के बाद भी सिम के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
कुछ दिनों बाद पीड़िता ने उसी मोबाइल नंबर का डुप्लीकेट सिम निकलवाकर उपयोग करना शुरू किया। इसके बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के लगातार संदेश आने लगे। जांच करने पर पता चला कि जम्हेता (पहाड़पुर) स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में उनके खाते से 31 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों में UPI के माध्यम से कुल 35 हजार रुपये निकाल लिए गए।
पीड़िता के अनुसार यह निकासी विभिन्न नामों से की गई, जिनमें रोशन, एमडी जाहिद, एमआर चंद, चंदन, किरण देवी, बिटुश के और एमडी इलियास शामिल हैं। पीड़िता ने स्पष्ट किया कि न तो उन्होंने किसी को UPI की अनुमति दी थी और न ही किसी प्रकार का लेनदेन स्वयं किया था।
पीड़िता ने बैंक खाते से अवैध निकासी से संबंधित सभी संदेशों और विवरणों को आवेदन के साथ संलग्न करते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने तथा निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराध पर गंभीर सवाल खड़े करती है और आम लोगों से डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की अपील करती है।












Leave a Reply