
गया। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरूआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र के नरियाही गांव से 350 ग्राम गांजा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उप-महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर जिले में गांजा और अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री व भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरूआ थाना पुलिस को 9 जनवरी को सूचना मिली कि नरियाही गांव में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से गांजा छुपाकर रखा हुआ है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान मुन्ना यादव (पिता स्व. विसम्बर यादव), निवासी नरियाही, थाना गुरूआ, जिला गया के रूप में हुई।
पुलिस ने अभियुक्त के घर की तलाशी ली, जहां कमरे से पॉलिथीन में रखा 350 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त गांजा के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इस संबंध में गुरूआ थाना कांड संख्या 12/26, दिनांक 9 जनवरी 2026 को एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि अन्य संलिप्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।











Leave a Reply