एनसीसी संयुक्त प्रशिक्षण शिविर में अग्निशमन मॉक ड्रिल, कैडेटों को दी गई आग से बचाव की व्यावहारिक जानकारी

गयाजी। 27 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में महेश सिंह यादव कॉलेज परिसर में आयोजित 16वें संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दौरान अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एनसीसी कैडेटों को आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना था।

अग्निशमालय पदाधिकारी अजय कुमार साह के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम दो अग्निशमन वाहनों के साथ शिविर में पहुंची। टीम में सहायक अग्निशमालय पदाधिकारी रमेश कुमार, प्रधान अग्निक भूलचूल सहनी, अग्नि चालक अनमोल कुमार, संजीव राय, अमरजीत कुमार सहित अग्निक राकेश कुमार, अखिलेश कुमार, विनीत कुमार, राहुल कुमार, अमन कुमार एवं छोटू कुमार शामिल थे।

मॉक ड्रिल के दौरान कैडेटों को आग के विभिन्न प्रकार, आग लगने के प्रमुख कारणों तथा उसे बुझाने के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। अग्निशमन अधिकारियों ने अग्निशामक यंत्रों के प्रकार, उनके सही उपयोग और संचालन की विधि को व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से समझाया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, सुरक्षित और संयमित प्रतिक्रिया देने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर 27 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रोहित चौहान, सूबेदार मेजर सरदारी लाल, ऑनरेरी कैप्टन आर.बी. शर्मा सहित एनसीसी के अधिकारी, जवान एवं बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कैडेटों में अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास और आपदा प्रबंधन की क्षमता का विकास होता है, जो भविष्य में समाज और राष्ट्र के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है।