
गया, 26 दिसंबर 2025: गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में एक दहशत फैलाने वाली दंपति हत्या की घटना सामने आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और घटना में इस्तेमाल हथियार सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
सूचना के अनुसार, 26 दिसंबर की सुबह शेरघाटी थाना को ग्राम चापी से सूचना मिली कि एक दंपति की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शेरघाटी-01 एवं थाना अध्यक्ष शेरघाटी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल को संरक्षित कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए एएनएमसीएच, गया भेजा।
शेरघाटी थाना में कांड संख्या 523/25, दिनांक 26.12.2025 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उप-महानिरीक्षक एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शेरघाटी-01 ने एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में शेरघाटी थाना के अधिकारी एवं कर्मी, साथ ही गया पुलिस की तकनीकी टीम शामिल रही।
विशेष टीम ने घटनास्थल पर जुटी सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए मनोज मांझी और रघुनी मांझी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय अभियुक्तों के पास से 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा मनोज मांझी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के दिन पहनी गई खून लगी टीशर्ट मिली, जबकि रघुनी मांझी के पास से टांगी बरामद हुई।
पूछताछ में रघुनी मांझी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक प्रदीप यादव का मनोज मांझी की पत्नी के साथ अवैध संबंध था। इस कारण मनोज मांझी और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद हुआ करता था। आक्रोश में आकर मनोज मांझी ने रघुनी मांझी और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
योजना के अनुसार, मनोज मांझी और अन्य अभियुक्तों ने खलिहान में सो रहे प्रदीप यादव की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के समय मृतक की पत्नी ने सभी अभियुक्तों को पहचान लिया था। पहचान छुपाने के उद्देश्य से अभियुक्तों ने मृतक की पत्नी की भी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
मनोज मांझी, पिता कैलाश मांझी, ग्राम चांपी, रघुनी मांझी, पिता धनु मांझी, ग्राम महुआडीह, थाना शेरघाटी, जिला गया का रहने वाला है।
बरामदगी: चाकू – 01,टांगी – 01,मोबाइल फोन – 02,
घटना के दिन पहनी खून लगी टीशर्ट – 01।
विशेष रूप से पुलिस की त्वरित और कुशल कार्रवाई के कारण हत्या कांड का उद्भेदन बेहद जल्दी संभव हुआ। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस मामले में और जानकारी है, तो वे तुरंत थाना में सूचित करें।











Leave a Reply