दिल दिया है, जान भी देंगे’: शहीदों को श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

खिजरसराय :- प्रखंड मुख्यालय स्थित जज्बा पैलेस के सभागार में रविवार की शाम अनुमंडल प्रशासन के सौजन्य से “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद, डीएसपी सुरेंद्र सिंह एवं निर्वाचन पदाधिकारी संतोष कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आमंत्रित कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

मनोरंजन के लिए हास्य कलाकारों ने भी अपनी चुटीली प्रस्तुतियों से लोगों को खूब हँसाया। वहीं कार्यक्रम में पहुंची गायिका ने “दिल दिया है, जान भी देंगे” और “ऐ वतन तेरे लिए” जैसे देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के माध्यम से शहीदों के बलिदान को याद करते हुए लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।