
बेलागंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार और अनियंत्रित टेंपो के बिजली के खंभे से टकरा जाने से बड़ा हादसा हो गया। टक्कर के बाद 11 हजार वोल्ट का विद्युत प्रवाहित तार टूटकर टेंपो पर गिर पड़ा, जिससे टेंपो में सवार तीन लोगों सहित पास में मौजूद दो महिलाएं बिजली की चपेट में आ गईं। इस दुर्घटना में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना डायल 112 और बेलागंज थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल चाकन्द प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी को अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एएनएमसीएच), गया रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चाकन्द की ओर से आ रहा टेंपो पंचानपुर थाना क्षेत्र के बेलमा गांव जा रहा था। गोपालपुर गांव पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे टेंपो सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के दौरान बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया। इसी बीच सड़क किनारे गली में बर्तन धो रही एक महिला और एक बच्ची भी करंट की चपेट में आ गईं।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडे ने बताया कि घायलों में संदीप कुमार और धीरज कुमार सहित अन्य बेलमा गांव के निवासी हैं, जबकि रोशनी कुमारी और खुशबू कुमारी गोपालपुर गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को जब्त कर लिया है। साथ ही एहतियातन बिजली विभाग को सूचना देकर संबंधित लाइन की आपूर्ति बंद कराई गई और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।











Leave a Reply