नववर्ष का जश्न बना मातम, वजीरगंज में ट्रैक्टर पलटने से किशोर की मौत, नौ घायल।

वजीरगंज (गया)।थानाक्षेत्र के करजरा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक ट्रैक्टर दुर्घटना में नववर्ष की खुशियां मातम में बदल गईं। ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण हुए इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार 17 वर्षीय युवक राहुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करजरा गांव के कई युवक नववर्ष का उत्सव मनाने के लिए एक ट्रैक्टर पर सवार होकर पड़ोसी गांव चकसेव से डीजे लाने जा रहे थे। इसी दौरान बड़का वन के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही उस पर सवार सभी युवक उसके नीचे दब गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस वाहन के माध्यम से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) वजीरगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इलाज के दौरान राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया गया।

घायलों में अनुज कुमार, सन्नी कुमार, ब्रजेश मांझी, भरत मांझी, पवन मांझी, लालो मांझी, रौकी मांझी सहित दो अन्य युवक शामिल हैं। चिकित्सकों ने घायलों में से तीन की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमसीएच), गया रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। नववर्ष के मौके पर परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि सभी घायलों और मृतक के स्वजनों का बयान लिया जा रहा है। घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, बीडीओ प्रभाकर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत पारिवारिक लाभ योजना से 20 हजार रुपये की राशि चेक के माध्यम से तथा कबीर अंत्येष्टि योजना के अंतर्गत 3 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।