नववर्ष पर कोटेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे मगध प्रक्षेत्र के आईजी छत्रनील सिंह, परिवार संग किया जलाभिषेक


बेलागंज।प्रखंड क्षेत्र के मेन गांव स्थित प्राचीन और प्रसिद्ध कोटेश्वर नाथ मंदिर में मगध प्रक्षेत्र के आईजी छत्रनील सिंह गुरुवार को अपने पूरे परिवार के साथ पहुंचे। मंदिर पहुंचकर आईजी ने बाबा कोटेश्वर नाथ का विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया और भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार के लिए सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
मंदिर के मुख्य पुजारी गुड्डू त्रिपाठी एवं श्रीकांत त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई। इसके उपरांत मंदिर कमिटी के सचिव योगेंद्र शर्मा ने आईजी छत्रनील सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी को पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र और बाबा कोटेश्वर नाथ धाम का मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर आईजी छत्रनील सिंह ने कहा कि नए वर्ष के आगमन पर बाबा कोटेश्वर नाथ का दर्शन और जलाभिषेक कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। मंदिर कमिटी के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ बाबा का दर्शन उनके लिए अविस्मरणीय पल रहा।

मौके पर बेलागंज के बीडीओ डॉ. राघवेंद्र कुमार शर्मा, भाजपा नेता अशोक शर्मा, मेन थानाध्यक्ष उज्जवल कुमार, पाई बिगहा प्रभारी थानाध्यक्ष चैतू राम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आईजी ने मंदिर आए श्रद्धालुओं और शिवभक्तों से शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने की अपील की।