गया पुलिस की सख्त कार्रवाई, अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त, दो गिरफ्तार


गया।जिले में अवैध खनन और बालू के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ गया पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर 31 दिसंबर 2025 को चलाए गए विशेष छापामारी अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इस दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को शेरघाटी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बालू ढुलाई की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराया गया, जिसके निर्देश पर शेरघाटी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी की। छापामारी के दौरान एक ट्रैक्टर पर लदा अवैध बालू जब्त किया गया और मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में शेरघाटी थाना कांड संख्या 532/25, दिनांक 30.12.2025 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसी दिन वजीरगंज थाना क्षेत्र से भी अवैध बालू परिवहन की सूचना पुलिस को मिली। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर वजीरगंज थाना पुलिस ने छापामारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। इस मामले में वजीरगंज थाना कांड संख्या 799/25, दिनांक 30.12.2025 दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुरारी प्रजापति, पिता भुनेश्वर प्रजापति, निवासी नवादा एवं सुनील मांझी, पिता स्व. चन्द्र मांझी, निवासी बेल्डीहा के रूप में की गई है। दोनों अभियुक्त शेरघाटी थाना क्षेत्र, जिला गया के निवासी बताए गए हैं।
गया पुलिस ने बताया कि अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में खनन माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।