
गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्कीहार पंचायत के एकता ग्राम में मंगलवार की रात एक दर्दनाक हादसे में बोरसी के धुएं से दम घुटने के कारण एक वृद्ध महिला एवं दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
मृतकों की पहचान गांगो मांझी की पत्नी मीना देवी, उनके नाती सुजीत और नतिनी अंशु के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ठंड से बचाव के लिए घर के कमरे में बोरसी जलाकर सभी लोग सो गए थे। रात के दौरान बोरसी से निकलने वाला धुआं कमरे में भर गया, जिससे तीनों की दम घुटने से मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, देर रात जब काफी समय तक कोई हलचल नहीं हुई तो घर के अन्य सदस्यों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर देखा गया कि मीना देवी और दोनों बच्चे अचेत अवस्था में पड़े हुए हैं। आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला गया और इलाज के लिए ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से परिजन सदमे में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड के मौसम में बोरसी और अलाव का इस्तेमाल करते समय सावधानी बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन से भी ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की जा रही है।











Leave a Reply