दहेज की आग में झुलसी विवाहिता, मुख्य आरोपी पति सहित ससुर और देवर गिरफ्तार

फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला की जलाकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मृतका का पति सुधीर महतो, ससुर नागेश्वर महतो और देवर सुनील महतो शामिल हैं। तीनों आरोपी थाना क्षेत्र के यसपुर गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतका के परिजनों द्वारा फतेहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही सभी आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।

फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि एसआई सतीन प्रसाद व एएसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई कि गई है। गुप्त के सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने यसपुर गांव में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि मामला गंभीर प्रकृति का है, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।