चाकंद के बिथो गांव में आगलगी से दंपति की दर्दनाक मौत

चाकंद थाना क्षेत्र के बिथो गांव में मंगलवार की देर शाम घर में अचानक लगी आग,  आग से झुलसकर एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिथो गांव के सरयू साव के पुत्र प्रमोद साव और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार प्रमोद साव अपने घर में पत्तल बनाने का कार्य करता था। इसी दौरान विद्युत चिंगारी से अचानक आग लग गई, देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में फंसे प्रमोद साव और उनकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष शिवम कुमार मौके पर पहुंचे, घटना का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर जदयू नेता डॉ. जितेंद्र कुमार दास ने घटनास्थल पर पहुंचकर जिलाधिकारी शशांक शुभंकर से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि मृतक के दो पुत्र एवं एक पुत्री है।