वजीरगंज में दुर्घटना से किशोरी की मौत,तीन घंटे सड़क जाम

वजीरगंज(गया);थाना क्षेत्र के वजीरगंज फतेहपुर रोड में केनार चट्टी मध्य विद्यालय के निकट मंगलवार को एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। मृतिका अणु कुमारी नवादा जिला के सिरदला प्रखंड अंतर्गत चुल्हाड़ी गांव के निवासी नरेश यादव की पुत्री थी जो माया बीघा अपने ननिहाल आई थी। वह जीतन यादव की नतिनी थी। वह ननिहाल के किसी बच्चे के जन्म दिवस समारोह में भाग लेने के लिए आई थी। घटना से आक्रोशित ग्रामीण सड़क जाम कर दिए जिससे फतेहपुर रोड में तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने उचित मुआवजा देने एवं चालक के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को सड़क से हटाया। पुलिस ने शव को अपने अभीरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी घर से बाहर निकलकर किसी काम से सड़क किनारे पैदल जा रही थी तभी पीछे से आ रहा बालू लदा अनियंत्रित ट्रक उसे कुचलते हुए पार कर गया जिससे स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने ट्रक को पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।