बड़ैला गांव में आपसी विवाद के दौरान मारपीट,एक व्यक्ति का टुटा हाथ।

फतेहपुर थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में आपसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। घटना 28 नवंबर 2025 की शाम लगभग 7 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित सकलदेव यादव (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामस्वरूप यादव बडै़ला गांव निवासी ने फतेहपुर थाना में आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित ने बताया कि वह अपने खेत में मोटर चलाकर पटवन का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही गौरव कुमार (30 वर्ष) एवं अशोक यादव (60 वर्ष) ने कथित तौर पर जानबूझकर उनकी मोटर का तार तोड़ दिया। जब पीड़ित ने इसका कारण पूछा तो दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने सकलदेव यादव को जमीन पर पटक दिया, जिससे उनका दाहिना हाथ टूट गया और वे बेहोश हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने आकर पीड़ित को होश में लाया और तुरंत उनके परिवार को सूचित किया। इसके बाद पीड़ित को फतेहपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

पीड़ित का आरोप है कि दोनों आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और पहले भी उनके साथ मारपीट करते रहे हैं तथा जान से मारने की धमकी देते रहे हैं। इस मामले में पीड़ित ने 23 दिसंबर 2025 को फतेहपुर थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


फतेहपुर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।