
बेलागंज थाना क्षेत्र में भारत माला एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते 15 दिसंबर को मेघा कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत लाइजनिंग ऑफिसर सोनू कुमार ने बेलागंज थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन में उल्लेख किया गया कि एक्सप्रेसवे निर्माण स्थल पर तैनात साइट इंजीनियर देवेश झा के साथ बेरीका मननपुर गांव निवासी अरबिंद्र कुमार और उनके पुत्र पिंटू कुमार द्वारा अभद्र व्यवहार व गाली-गलौज की जा रही थी। साथ ही दोनों आरोपियों ने यह कहते हुए निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न की कि वे अपनी जमीन पर काम नहीं होने देंगे। आरोप है कि उन्होंने जमीन में पानी डालकर उसे गीला कर दिया, जिससे कार्य प्रभावित हुआ। लाइजनिंग ऑफिसर ने आवेदन में स्पष्ट किया कि उक्त जमीन का मुआवजा सरकार द्वारा किसानों को मानक के अनुसार भुगतान किया जा चुका है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच की, जिसमें दोनों पिता-पुत्र दोषी पाए गए। इसके बाद रविवार को दोनों को उनके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।











Leave a Reply