बोधगया पहुँचा 9 देशों के 20 विदेशी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स का दल, बिहार पर्यटन को मिलेगी वैश्विक पहचान

बोधगया। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से इंडोनेशिया, जापान, मलेशिया, मंगोलिया, म्यांमार, सिंगापुर, साउथ कोरिया, श्रीलंका एवं थाईलैंड से आए 20 विदेशी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर/कंटेंट क्रिएटरों का एक दल दिनांक 13 दिसंबर 2025 को बोधगया पहुँचा। गया एयरपोर्ट पर पर्यटन अधिकारी श्री मनमोहन कुमार ने दल के सदस्यों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के सहयोग से यह दल बिहार के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेगा। इसी क्रम में बोधगया स्थित पर्यटक सूचना केंद्र के पर्यटन अधिकारी श्री मनमोहन कुमार की अगुवाई में दिनांक 14 दिसंबर 2025 को विदेशी मेहमानों को महाबोधि मंदिर, डुंगेश्वरी गुफा, थाई मंदिर, जापानी मंदिर तथा पुरातत्व संग्रहालय का भ्रमण कराया गया।

इस अवसर पर विदेश मंत्रालय से आए अधिकारी श्री ईशु भदौरिया एवं श्री वाशु सिंह के साथ बिहार पर्यटन के टूरिस्ट गाइड श्री दिनु कुमार सिन्हा एवं श्री धीरज कुमार भी दल के साथ मौजूद रहे। भ्रमण के दौरान विदेशी इंफ्लुएंसर्स ने बोधगया की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की सराहना की तथा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से इसे वैश्विक स्तर पर प्रचारित करने की बात कही।

कार्यक्रम के तहत यह दल कल राजगीर एवं नालंदा के लिए प्रस्थान करेगा, जहाँ वे वहां के ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का अवलोकन करेंगे। इस पहल से बिहार पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।