
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने और मारपीट के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरा गांव निवासी कृष्ण देव यादव के रूप में की गई है। इस संबंध में मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 954/25 दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने थाना में लिखित शिकायत देकर बताया था कि आरोपी उससे जबरन रंगदारी की मांग कर रहा था। रंगदारी देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके पैतृक गांव गौरा में छापेमारी कर कृष्ण देव यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि रंगदारी, मारपीट या किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।











Leave a Reply