
फतेहपुर थाना क्षेत्र के उत्तरी लोधवे गाँव में दहेज की मांग को लेकर एक महिला और उसकी मासूम बच्ची की मौत के मामले ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी अरविंद यादव को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
जबरन जहर पिलाने का आरोप
मृतका के भाई संतोष कुमार द्वारा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, उनकी बहन सोनी देवी का विवाह वर्ष 2021 में अरविंद यादव से हुआ था। विवाह के कुछ ही माह बाद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल और चार लाख रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर सोनी देवी और उसकी पुत्री निधि कुमारी को मारपीट और प्रताड़ित किया जाता था।
7 अक्टूबर 2025 की शाम लगभग 4 बजे परिवार को सूचना मिली कि सोनी देवी की तबीयत खराब है। जब परिजन ससुराल पहुँचे तो सोनी देवी बेहोशी की हालत में ज़मीन पर पड़ी थी। होश में आने पर उसने बताया कि ससुराल वालों ने उसे और उसकी बेटी को जबरदस्ती जहर पिला दिया।
दोनों की दर्दनाक मौत
ग्रामीणों की मदद से दोनों को फतेहपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने सोनी देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में बच्ची निधि कुमारी को मगध मेडिकल रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। दो-दो मौतों से गाँव में मातम का माहौल है।
छह लोगों पर हत्या और साजिश का आरोप
आवेदन में जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है, वे हैं—
- अरविंद यादव (पति – मुख्य आरोपी, गिरफ्तार)
- सुनील यादव (देवर)
- कमाल देवी (सास)
- रूबी देवी (गोतनी)
- बब्लू यादव
- संजू देवी
परिजनों का आरोप है कि सभी ने मिलकर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया और अंततः षड्यंत्र कर मां-बेटी को मार डाला।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को भेजा जेल
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की और मुख्य आरोपी अरविंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह छापेमारी चल रही है।












Leave a Reply