
सासाराम: शहर में शनिवार को एक बड़ी दुर्घटना टल गई, जब नो-एंट्री जोन में तेज रफ्तार से घुस आए एक डंपर ने पुलिस की स्कॉर्पियो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में डीएसपी कुमार वैभव बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी आधिकारिक स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रतिबंधित समय में डंपर तेज गति से आ रहा था और अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे पुलिस वाहन को सीधी टक्कर लग गई। हादसे के तुरंत बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और डंपर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार, डीएसपी कुमार वैभव सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि डंपर नो-एंट्री क्षेत्र में कैसे प्रवेश कर गया।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि शहर में भारी वाहनों के आवागमन पर निगरानी और सख्त की जाएगी, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।












Leave a Reply