ठंडी पछुआ हवाओं से कांपा बिहार, कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत; ट्रेनें लेट, एक कैंसिल

पटना | ब्यूरो रिपोर्ट। बिहार में पछुआ हवाओं ने ठंड का प्रकोप अचानक बढ़ा दिया है। बेगूसराय, गोपालगंज, बक्सर और बेतिया सहित कई जिलों में शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। सुबह-सुबह चल रही ठंडी हवा ने सर्दी और बढ़ा दी है और लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 20 किमी/घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा बह रही है, जिसके चलते रात और सुबह के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में औरंगाबाद का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। गया, नवादा, शेखपुरा, कैमूर और रोहतास समेत 8 जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। इनमें कई जिलों में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

कोहरे का असर रेल संचालन पर भी दिखाई दिया। दृश्यता कम होने से कई ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ी और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। कुल 8 ट्रेनें देरी से पहुंचीं, एक ट्रेन को रद्द किया गया और एक ट्रेन को पुनर्निर्धारित किया गया।

देरी से चलने वाली ट्रेनें:

1. हावड़ा–प्रयागराज 12333 विभूति एक्सप्रेस — 3 घंटे 30 मिनट देरी।

2. दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस — 3 घंटे 37 मिनट देरी।

3. पुरी–पटना स्पेशल — 37 मिनट देरी।

4. उधना–पटना स्पेशल — 1 घंटा 43 मिनट देरी।

5. बिलासपुर–बक्सर सुपरफास्ट — 3 घंटे 34 मिनट देरी।

6. किउल–पटना पैसेंजर — 50 मिनट देरी।

7. बरौनी–दानापुर पैसेंजर — 1 घंटा देरी।

8. मैसूर–दरभंगा 06211 स्पेशल — 27 घंटे 9 मिनट देरी से पटना पहुंची।

कैंसिल ट्रेन:
– कोलकाता जाने वाली वीरांगना लक्ष्मीबाई सुपरफास्ट ट्रेन आज रद्द।

री-शेड्यूल ट्रेन:
– साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस आज दानापुर से री-शेड्यूल की गई।

मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आगामी दिनों में भी ठंड और कोहरा परेशानियां बढ़ा सकते हैं।