स्वच्छता ही सेवा: 44वीं वाहिनी एसएसबी नरकटियागंज में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान का प्रभावी आयोजन

नरकटियागंज। 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नरकटियागंज के द्वारा कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के कुशल मार्गदर्शन में “स्वच्छता पखवाड़ा अभियान–2025” के तहत वाहिनी मुख्यालय एवं सभी समवायों में स्वच्छता रैली का भव्य आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आसपास, मुहल्लों और कार्यस्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना था। अभियान में यह संदेश दिया गया कि प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करें तथा किसी भी स्थान पर पानी का जमाव न होने दें, ताकि पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रह सकें।
कमांडेंट नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का अहम हिस्सा है। इसे अपनाकर ही हम देश और समाज को स्वस्थ, समृद्ध और सुंदर बना सकते हैं।” उनके इस प्रेरक संदेश ने प्रतिभागियों में उत्साह भर दिया।

स्वच्छता पखवाड़ा अभियान में डिप्टी कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार, उप कमांडेंट सचिन शर्मा, उप कमांडेंट राजपाल (क्षेत्रक मुख्यालय बेतिया), निरीक्षक पवन कुमार सहित सभी समवाय प्रभारी, बलकर्मी एवं बिहार पुलिस के नव-प्रशिक्षु ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने सामूहिक रूप से सफाई कार्य कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए नारे लगाए गए, सड़क और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। इस पहल ने क्षेत्र में स्वच्छता के महत्व को एक नई गति प्रदान की है।