
गया जिले के वजीरगंज–फतेहपुर मुख्य सड़क मार्ग पर डाक बाबा के समीप रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र के सोहजना गांव निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक कैला उर्फ सतीश, जो उसी गांव का रहने वाला है, इलाजरत है।
सोमवार सुबह ग्रामीणों की नजर घायल युवकों पर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पहुंचकर घायल सतीश को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया गया।
पोस्टमार्टम से इंकार, बिना पोस्टमार्टम परिजनों को सौंपा गया शव
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कमलेश के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
ससुराल जाते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, कमलेश रविवार रात करीब 9 बजे अपने दोस्त सतीश के साथ वजीरगंज थाना क्षेत्र के मौलानगर, सतीश के ससुराल जाने के लिए बाइक से निकला था। ससुराल से करीब एक किलोमीटर पहले डाक बाबा के पास एक चारपहिया वाहन को बचाने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रातभर खेत में पड़े रहे दोनों युवक
घायल सतीश ने बताया कि हादसे के बाद कमलेश काफी देर तक जिंदा था। दोनों ठंड में रातभर खेत में पड़े तड़पते रहे, लेकिन अंधेरा होने और सुनसान इलाका होने के कारण किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। यहां तक कि एक पुलिस गश्ती वाहन भी वहां से गुजरा, लेकिन घटना स्थल पर नहीं रुका।
सुबह ग्रामीणों ने दोनों को देखा, जिसके बाद हड़कंप मच गया। सतीश को अस्पताल भेजा गया, वहीं कमलेश को मृत घोषित कर दिया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।












Leave a Reply