बिहार के पहाड़पुर स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, युवक के ऊपर से गुजरी मालगाड़ी—खरोंच तक नहीं आई

बिहार के गया–कोडरमा रेलखंड स्थित पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए शॉर्टकट अपनाने के चक्कर में एक युवक खड़ी मालगाड़ी के नीचे से पार कर रहा था। तभी अचानक मालगाड़ी चलने लगी और युवक पटरी पर फँस गया।

ट्रेन के खुलते ही युवक के होश उड़ गए, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत पटरियों पर लेट गया। देखते ही देखते पूरा मालगाड़ी रैक उसके ऊपर से गुजर गया। चमत्कारिक तौर पर युवक को खरोंच तक नहीं आई।

घटना को देखकर स्टेशन पर मौजूद लोग दंग रह गए। जैसे ही मालगाड़ी उसके ऊपर से निकल गई, युवक उठकर खड़ा हुआ और ईश्वर को धन्यवाद देते हुए हाथ जोड़कर अपने गंतव्य की ओर चला गया।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लूप लाइन में एक मालगाड़ी खड़ी थी। स्टेशन पर माइक से यह घोषणा भी की जा रही थी कि मालगाड़ी जल्द खुलने वाली है, इसलिए सावधानी बरतें।

लेकिन युवक ने फुट ओवर ब्रिज का उपयोग करने के बजाय ट्रेन के नीचे से पार होने का जोखिमभरा प्रयास किया। तभी मालगाड़ी चल पड़ी और युवक बीच में ही फँस गया। सूझबूझ से उसने खुद को पटरी पर पटक दिया, जिससे उसकी जान बच गई।

वीडियो वायरल, लोग बोले—भाग्य ने बचा लिया

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि युवक पटरियों पर लेटा हुआ है और पूरी ट्रेन उसके ऊपर से गुजर रही है।

स्टेशन पर मौजूद लोगों ने कहा कि यह दृश्य देखने योग्य नहीं था। कई यात्रियों ने बताया कि ईश्वर की कृपा और युवक की सूझबूझ ने उसकी जान बचा ली, वरना मामूली गलती एक बड़ी त्रासदी बन सकती थी।