अग्रवाल उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय का 108वां स्थापना दिवस, पूर्व छात्र संघ ने मनाया समारोह

बेलागंज। अग्रवाल उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय का 108वां स्थापना दिवस पूर्ववर्ती छात्र संघ द्वारा धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के संस्थापक एवं महान शिक्षा प्रेमी गुलाब चंद लाल अग्रवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर स्थानीय पत्रकारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में मार्गदर्शक मंडल सदस्य गौनरी दास ने कहा कि अपने पूर्वजों और उनकी विरासत का सम्मान करना ही सच्ची समाज सेवा है। उन्होंने कहा कि पहले स्थापना दिवस बड़े स्तर पर मनाया जाता था, जिसमें पूरा विद्यालय परिवार शामिल होता था, लेकिन आज स्थिति बदल गई है। उन्होंने विद्यालय प्राचार्य को स्थापना दिवस की जानकारी न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

पूर्ववर्ती छात्र संघ के उपाध्यक्ष विनय कुमार विनायक ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्राचार्य इरफान रियासत द्वारा संस्थापक की जयंती-पुण्यतिथि और स्थापना दिवस को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जो अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि विद्यालय को शिक्षा के मंदिर की जगह राजनीति का अड्डा बनाया जा रहा है और इस संबंध में जिलाधिकारी से जांच की मांग की जाएगी।

कार्यक्रम में संघ के वरीय सदस्य अमरेंद्र प्रियदर्शी, राकेश कुमार, मुकेश अग्रवाल, अनिल माथुरी, विनोद पांडे, अध्यक्ष रविंद्र कुमार, सचिव पंकज कुमार, कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार मिश्रा, संयोजक रविशंकर कुमार, मीडिया प्रभारी अभिषेक कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।