नाना के दाह-संस्कार से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत।

फतेहपुर। फतेहपुर–वजीरगंज मुख्य सड़क मार्ग के तिरमा मोड़ के पास गुरुवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान छोटकी सलैया गांव निवासी नीतीश कुमार, पिता सुरेश मांझी के रूप में की गई है।

परिजनों ने बताया कि नीतीश कुमार बहिरा गांव से अपने नाना का दाह संस्कार कर घर लौट रहा था, तभी तिरमा मोड़ के पास उसका संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर नहर में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए फतेहपुर–वजीरगंज सड़क मार्ग को कुछ समय के लिए जाम कर दिया। लोगों का कहना है कि तिरमा मोड़ के पास नहर किनारे सुरक्षा घेरा नहीं होने के कारण यहाँ लगातार दुर्घटनाएँ हो रही हैं। बीते वर्षों में इस स्थान पर कई लोगों की जान जा चुकी है। कुछ दिन पहले भी इसी मोड़ के पास एक युवक की मृत्यु हुई थी।

सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।