फतेहपुर में आहर में डूबे संतोष की मौत, पत्नी ने तीन दिन बाद थाने में कराया केस दर्ज

फतेहपुर (गया): फतेहपुर प्रखंड के टेगैनी निवासी संतोष कुमार की मौत ने इलाके में चिंता और आक्रोश दोनों फैला दिए। संतोष की 20 नवंबर को राजा बिगहा आहर में पानी में डूबकर मौत हो गई थी। हालांकि, उनके परिवार ने इस मामले में केस तीन दिन बाद ही दर्ज कराया।

संतोष की पत्नी कंचन कुमारी ने पुलिस को बताया कि 20 नवंबर को सुबह छह बजे उनके पति घर से निकले थे। वे एक रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। दो घंटे बाद जब उनका मोबाइल कॉल करने पर संपर्क नहीं हो सका और फोन स्विच ऑफ मिला। सुबह लगभग नौ बजे उन्हें जानकारी मिली कि राजा बिगहा आहर में एक व्यक्ति का शव पानी में पड़ा है। मौके पर जाकर देखा गया तो वह शव संतोष कुमार का ही था।

फतेहपुर थाना प्रभारी राम कृपाल यादव ने कहा कि परिजन दाह संस्कार और अन्य अनिवार्य कार्यों में व्यस्त होने के कारण आवेदन देने में देरी कर बैठे। पुलिस ने इस मामले में युडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही मृतक के परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

संतोष की मौत के बाद ग्रामीणों ने मोहनपुर-पहाड़पुर सड़क मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि यह हत्या का मामला है और गया जिले के उत्पाद विभाग की टीम पर भी संलिप्तता के आरोप लगाए। डीएसपी सुनील कुमार पांडेय के समझाने के बाद सड़क जाम समाप्त किया गया। इस मामले में पुलिस ने 12 नामजद और 130 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।