गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 616.875 लीटर विदेशी शराब और सूमो विक्टा के साथ युवक गिरफ्तार

गया: गया पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देशन में गुरपा थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान झारखंड से आ रही 616.875 लीटर विदेशी शराब और एक सूमो विक्टा वाहन बरामद किया गया। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2025 को गुरपा थाना पुलिस को सूचना मिली कि झारखंड के रास्ते अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस कर्मियों ने तेतरिया सोत के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक सूमो विक्टा चालक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस और सशस्त्र बल के संयुक्त प्रयास से उसे पकड़ा गया।

पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम कौशल कुमार, पिता दिनेश यादव, निवासी मुबारकचक, थाना मुफस्सिल, जिला गया बताया। तलाशी के दौरान गाड़ी में छुपाई हुई कुल 616.875 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।