फतेहपुर में नवजात की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही और पैसा वसूली का आरोप

7 दिन का बच्चा इलाज के दौरान नहीं बच सका; परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई

फतेहपुर :-गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक 7 दिन के नवजात की मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बच्चे के पिता प्रवेश चौधरी ने बताया कि उनका पुत्र 19 नवंबर 2025 को अचानक बीमार पड़ गया। उन्होंने उसे फतेहपुर स्टेशन रोड स्थित मां सरस्वती क्लिनिक में इलाज के लिए भर्ती कराए।

प्रवेश चौधरी का आरोप है कि क्लिनिक के संचालक डॉ. रवि कुमार ने बच्चे की तबियत को सामान्य बताया और इलाज के नाम पर उनसे लगभग 40,000 रुपये वसूले। इसके बावजूद बच्चे की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और डॉ. रवि ने बच्चे को अन्य चिकित्सक के पास रेफर कर दिया। जिसके चलते नवजात शिशु की इलाज के अभाव में मौत हो गई।घटना के बाद डॉ. रवि कुमार ने अपने क्लिनिक का ताला बंद कर फरार हो गए।

प्रवेश चौधरी ने फतेहपुर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की है।

दूसरी ओर, मां सरस्वती क्लिनिक के संचालक डॉ. रवि कुमार ने कहा कि नवजात शिशु को क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। लेकिन तबीयत में सुधार नहीं होने के कारण उन्हें अन्य चिकित्सक के पास रेफर कर दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे क्लिनिक में नवजात शिशु की मौत नहीं हुई है।

जब सच भारत न्यूज़ के संवाददाता ने उनसे क्लिनिक का लाइसेंस होने के बारे में पूछा, तो डॉ. रवि कुमार ने स्वीकार किया कि उन्होंने लाइसेंस नहीं लिया है और अवैध तरीके से क्लिनिक चला रहे हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह अकेली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले भी फतेहपुर के एक अवैध नर्सिंग होम में जच्चा-बच्चा की मौत हुई थी। उस समय स्थानीय प्रशासन घटना स्थल पर पहुँचा था,लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई की खबर नहीं है।

इस मामले पर गया जिले के सिविल सर्जन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि फतेहपुर प्रखंड में अवैध तरीके से चल रहे सभी नर्सिंग होमों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।