
गया–कोडरमा रेल सेक्शन के बंशीनाला हाल्ट स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा बढ़ाने के लिए रेलवे प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। स्टेशन पर यात्रियों को रेल ट्रैक पार करने में हो रही परेशानी को देखते हुए धनबाद रेल मंडल ने फुट ओवरब्रिज (एफओबी) निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही यहां एक आधुनिक एफओबी का निर्माण किया जाएगा।
सोमवार को धनबाद रेल मंडल की पांच सदस्यीय टीम ने बंशीनाला हाल्ट स्टेशन पहुंचकर प्रस्तावित एफओबी स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम में सीटीआई कोडरमा बच्चा सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीरज कुमार सिन्हा, टीआरडी प्रभारी पहाड़पुर मिथलेश कुमार, आईओडब्ल्यू गझंडी राजेश कुमार, टीसीआई पहाड़पुर उदय कुमार और आईओडब्ल्यू कोडरमा गौरीशंकर शामिल थे। टीम ने करीब दो घंटे तक मौके पर समीक्षा की और इसके बाद संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर धनबाद रेल मंडल मुख्यालय को भेज दी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन के एक छोर से दूसरे छोर तक फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। कार्य जनवरी से प्रारंभ करने की योजना है।
बंशीनाला हाल्ट स्टेशन टनकुप्पा–पहाड़पुर स्टेशन के बीच स्थित है, जहां अप–डाउन लाइन में चार मेमू ट्रेनों का ठहराव होता है। वर्तमान में प्लेटफॉर्म बदलने के लिए यात्रियों को सीधे ट्रैक पार करना पड़ता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। पिछले वर्षों में ट्रैक पार करने के दौरान कई लोग दुर्घटना का शिकार भी हुए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यात्री सुरक्षा को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए एफओबी निर्माण का निर्णय लिया है।
एफओबी तैयार होने के बाद यात्रियों को बिना ट्रैक पार किए सुरक्षित रूप से प्लेटफॉर्म बदलने की सुविधा मिलेगी और स्टेशन पर हादसों की आशंका लगभग समाप्त हो जाएगी। रेलवे द्वारा उठाया गया यह कदम स्थानीय लोगों के लिए राहत और सुरक्षा की नई उम्मीद लेकर आया है।











Leave a Reply