
गया। बेलागंज थाना क्षेत्र में विजय जुलूस के दौरान हुए पथराव से शुक्रवार की देर रात माहौल तनावपूर्ण हो गया। दादपुर और फरीदपुर गांव के लोगों के बीच अचानक विवाद बढ़ा और देखते ही देखते स्थिति पथराव और झड़प में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी आनंद कुमार तुरंत घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। अधिकारियों ने रात में ही लोगों को शांत कराया तथा दोनों गांवों के बीच बढ़ रहे तनाव को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 14 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी अभियान के दौरान अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बेलागंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन इलाके में सशस्त्र बल की तैनाती जारी है। उन्होंने कहा कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तनाव की जड़ विजय जुलूस के मार्ग और नारेबाजी को लेकर हुई कहासुनी रही, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।












Leave a Reply