चाय की दुकानों से लेकर पान की गुमटियों तक,हर चौक-चौराहे पर बस एक ही चर्चा -किसके सिर सजेगा जीत का ताज? फैसला आज

गयाजी। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।शुक्रवार को बिहार विधानसभा सीटों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू होगा।जिले के सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि पूरे प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
गया शहर विधानसभा की मतगणना को इस बार बेहद रोचक माना जा रहा है। यहां एनडीए के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ.प्रेम कुमार तथा महागठबंधन के प्रत्याशी अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है।पिछले 35 वर्षों से गया शहर में एनडीए का परचम लहराता रहा है, लेकिन इस बार महागठबंधन ने जोरदार चुनौती दी है। जनता के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि क्या इस बार इतिहास दोहराया जाएगा या फिर सत्ता परिवर्तन देखने को मिलेगा।

गया जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों—बोधगया, फतेहपुर, इमामगंज, शेरघाटी, बाराचट्टी, बेलागंज, टेकारी, गुरारू और अतरी—में भी मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। सुबह से ही मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो जाएगी,जबकि प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

चाय की दुकानों से लेकर पान की गुमटियों तक, हर चौक-चौराहे पर अब बस एक ही चर्चा है—“किसके सिर सजेगा जीत का ताज?” जनता और राजनीतिक दलों की निगाहें अब ईवीएम की गिनती पर टिकी हैं। फैसला आज सामने आएगा कि गया में सत्ता की कुर्सी पर कौन विराजमान होगा—एनडीए या महागठबंधन।