भ्रष्टाचार से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग में पैसों के लेनदेन की पुष्टि के बाद कार्रवाई

गया। गया जिले के बेलागंज थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) विपिन कुमार सिंह को भ्रष्टाचार से संबंधित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आनंद कुमार ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई ऑडियो में हुई पैसों के लेनदेन की पुष्टि के बाद की गई है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में एक व्हाट्सएप ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी, जिसमें दो व्यक्तियों के बीच किस्तों में पैसे की मांग और लेनदेन को लेकर बातचीत हो रही थी। बताया जाता है कि यह बातचीत थाना से जुड़ी “डायरी लिखने और भेजने” के नाम पर हो रही थी।
ऑडियो सामने आने के बाद एसएसपी आनंद कुमार ने इसकी जांच का जिम्मा पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था), गया को सौंपा था। जांच के उपरांत 15 अक्टूबर 2025 को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि ऑडियो में सुनी जाने वाली एक आवाज एसआई विपिन कुमार सिंह की प्रतीत होती है, जबकि दूसरी आवाज दीपू नामक व्यक्ति की बताई गई है।
जांच के दौरान थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय, सहायक अवर निरीक्षक अशोक कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने भी यह स्वीकार किया कि रिकॉर्डिंग में मौजूद आवाज एसआई विपिन कुमार सिंह से मिलती-जुलती है।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर एसएसपी आनंद कुमार ने एसआई विपिन कुमार सिंह की गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही, विभागीय कार्रवाई के तहत उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।












Leave a Reply