अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर

थाना क्षेत्र के बेलागंज–निमचक सड़क मार्ग पर बुधवार की सुबह एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय राहगीरों और आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेलागंज में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया।

इधर, घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निमचक गांव निवासी मो. इम्तियाज का पुत्र मो. मुन्ना रजा और मो. सरवर का पुत्र मो. तैयब बाइक से बेलागंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हसनपुर रेलवे गुमटी से पहले एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी बेलागंज लाया गया, जहां से उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान मो. मुन्ना रजा की मौत हो गई, जबकि मो. तैयब की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में बेलागंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, परंतु अब तक मृतक के परिजनों या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा कोई लिखित या मौखिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जानकारी के अनुसार, इलाज के दौरान मृतक हुए मो. मुन्ना रजा के परिजनों ने अस्पताल से शव लेकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।