फतेहपुर में युवक की हत्या से सनसनी, परिजनों ने अपहरण कर हत्या का लगाया आरोप

गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मानपुर गांव निवासी राहुल पासवान (उम्र 27 वर्ष) का शव शनिवार की सुबह राधोपुर के ठनठनिया मोड़ के पास धान के खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इस घटना को साजिशन अपहरण कर हत्या बताया है।

मृतक की मां दौलती देवी (उम्र 56 वर्ष) ने फतेहपुर थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के ही कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, राहुल पासवान जम्हेता पहाड़पुर रोड स्थित श्री कॉम्प्लेक्स में फास्ट फूड की दुकान चलाते थे।

गांव में विवाद बना हत्या की वजह

दौलती देवी ने बताया कि 25 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे गांव में बालू गिराने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान महेन्द्र यादव, उसके पुत्र रौशन यादव, और मनीष यादव सहित अन्य लोगों ने उनके रिश्तेदारों से झगड़ा किया।

विवाद बढ़ने पर राहुल पासवान मौके पर पहुंचे और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान अभियुक्तों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और वहां से चले गए। शाम करीब 6 बजे राहुल अपने दुकान चले गए और फोन पर मां से कहा कि वह रात में वहीं रुकेंगे।

लेकिन अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने राहुल पासवान का शव खेत में देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मगध मेडिकल कॉलेज, गया में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

दौलती देवी का आरोप है कि पूर्व विवाद की वजह से ही अभियुक्तों ने उनके पुत्र का अपहरण कर योजनाबद्ध तरीके से हत्या की है। उन्होंने नामजद अभियुक्तों में महेन्द्र यादव, रौशन यादव, मनीष यादव सहित 12 से 16 अज्ञात लोगों का नाम लिया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

फतेहपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इस घटना से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।