विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने छठ महापर्व को लेकर सूर्यकुंड सरोवर में चलाया स्वच्छता अभियान

गयाजी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गया के विष्णुपद स्थित सूर्यकुंड सरोवर में सोमवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की संयुक्त पहल पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व विभाग संयोजक प्रकाश कुमार गुप्ता ने किया। उनके दिशा-निर्देशन में कार्यकर्ताओं की टीम ने पूरे उत्साह और समर्पण भाव से सरोवर परिसर की सफाई की।अभियान में नवीन कुमार, अरुण कुमार, विकास कुमार, एसके भगवा, रोहित एकेघरा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने श्रमदान कर घाट परिसर से प्लास्टिक, कचरा और गंदगी हटाई, ताकि छठव्रतियों को स्वच्छ वातावरण में पूजा-अर्चना करने में सुविधा हो।
कार्यक्रम के दौरान विभाग संयोजक प्रकाश कुमार गुप्ता ने कहा कि छठ पर्व स्वच्छता और पवित्रता का प्रतीक है, इसलिए हम सभी का दायित्व है कि घाटों को स्वच्छ और सुरक्षित रखें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घाटों पर गंदगी न फैलाएं और पर्यावरण की रक्षा में योगदान दें।
इस पहल से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में सकारात्मक संदेश गया और छठ पर्व को लेकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी।