तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह — फतेहपुर-बड़गांव मार्ग पर मवेशी की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल

फतेहपुर-बड़गांव मुख्य सड़क मार्ग पर शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक मवेशी की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना पकरी मुर्गी फार्म के पास उस समय हुई, जब तेज रफ्तार में जा रही बाइक ने सड़क पार कर रहे मवेशी को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बड़गांव का एक युवक फतेहपुर से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में अचानक मवेशी के सामने आ जाने से बाइक सवार संभल नहीं सका और भीषण टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे में मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवक को उठाया और उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गया रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही फतेहपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि अब तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त बाइक को सुरक्षित रख परिजनों को सौंप दिया। इस दर्दनाक घटना से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।