
गया (फतेहपुर) आगामी छठ महापर्व को लेकर गया जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को वजीरगंज कैंप के डीएसपी सुनील कुमार पांडे एवं एसडीओ किसलय श्रीवास्तव ने फतेहपुर एवं टनकुप्पा थाना क्षेत्रों के कई प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के डुमरी चट्टी छठ घाट, फतेहपुर छठ घाट, बदऊऑं छठ घाट तथा टनकुप्पा थाना क्षेत्र के उतलीबारा छठ घाट और टनकुप्पा छठ घाट पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, रोशनी की व्यवस्था, जलस्तर की स्थिति तथा सुरक्षा इंतज़ामों के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी सुनील कुमार पांडे ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं एसडीओ किसलय श्रीवास्तव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पर्व के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें।












Leave a Reply