
फतेहपुर–रजौली मुख्य सड़क पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार को एक ऑटो के पलट जाने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान खटांगी गांव निवासी साजदा बानू (पत्नी वारिश अंसारी) के रूप में की गई है। वहीं घायल महिला काजल देवी (पत्नी बुधन पासवान), निवासी चौकियां गांव, बताई जा रही हैं। घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से फतेहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो तेज रफ्तार में था और पेट्रोल पंप के पास मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके कारण वाहन पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो को जब्त कर थाने ले आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार चालक की तलाश तेज़ी से जारी है।
इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और सुरक्षा व्यवस्था सख़्त करने की मांग की है।











Leave a Reply