बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी तेज़

एसएसपी आनंद कुमार और डीएम शुभारंभ शशांक ने गया में किया वेयरहाउस और मतदान केंद्रों का निरीक्षण

गया, (संवाददाता): आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार और जिलाधिकारी शुभारंभ शशांक (पर्यवेक्षक महोदय) ने गुरुवार को गया कॉलेज, गया बाजार समिति परिसर तथा जेल परिसर स्थित वेयरहाउस का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के भंडारण, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने वज्रगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।

अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं — जैसे बिजली, स्वच्छता, पेयजल और पहुंच मार्गों की स्थिति का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक न हो।

एसएसपी आनंद कुमार ने कहा कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी, वहीं डीएम शुभारंभ शशांक ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य है कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से पूरी हो।