
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार की शाम वजीरगंज कैंप के डीएसपी सुनील कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में फतेहपुर में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मार्च में स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ और सीआरपीएफ के जवान भी शामिल रहे।
यह फ्लैग मार्च गया एसएसपी के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना और मतदाताओं को निष्पक्ष व भयमुक्त वातावरण देने का संदेश देना था।
पुलिस दल ने फतेहपुर, पहाड़पुर, मोरहे, रूपीन, पकरी, जम्हेता,डुमरी चट्टी सहित कई संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। डीएसपी पाण्डेय ने बताया कि बोधगया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फतेहपुर और टनकुप्पा में शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने या गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने आम नागरिकों और मतदाताओं से अपील की कि वे भयमुक्त होकर मतदान करें और यदि कहीं कोई गड़बड़ी दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
चुनाव से पहले असामाजिक तत्वों पर निगरानी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस ने 7 शरारती तत्वों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई शुरू की है। इसके अतिरिक्त, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 681 लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी
फ्लैग मार्च में फतेहपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार, एसआई सोनू कुमार, अंबुज कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी व जवान शामिल रहे। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि इस बार का चुनाव कानून के दायरे में, पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के बीच संपन्न कराया जाएगा।












Leave a Reply