
गया :-आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बेलागंज पुलिस ने रविवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार रखने के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक रेगुलर राइफल, 16 जिंदा कारतूस और दो नाली बंदूक का बट और बॉडी (बिना बैरल) बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी
थानाध्यक्ष बेलागंज को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम समसपुर में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई और एक विशेष टीम गठित कर रविवार रात छापेमारी की गई।
पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. इकबाल नैयर (पिता – स्व. मो. ईदरीश) बताया। उसके घर की तलाशी में एक रेगुलर राइफल और 16 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूरे नेटवर्क का खुलासा
इकबाल ने पूछताछ में बताया कि ये हथियार भलुआ-01 निवासी आमीर आलम ने उसे रखने को दिए थे। पुलिस ने आमीर आलम को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर ग्राम समसपुर निवासी मो. अहमद रजा को भी दबोचा गया।
अहमद रजा ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बंदूक मो. इलियास अंसारी को सौंप दी थी। इलियास के घर की तलाशी में दो नाली बंदूक की बट और बॉडी (बिना बैरल) बरामद की गई।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये किसी आपराधिक गिरोह से तो नहीं जुड़े हैं। साथ ही सभी का अपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। इस संबंध में बेलागंज थाना कांड संख्या 583/25 के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी:मो. इकबाल नैयर, ग्राम समसपुर,आमीर आलम, ग्राम भलुआ-01,मो. अहमद रजा, ग्राम समसपुर,मो. इलियास अंसारी, ग्राम समसपुर
बरामद सामान:01 रेगुलर राइफल,16 जिंदा कारतूस,दो नाली बंदूक की बट और बॉडी (बिना बैरल)












Leave a Reply