
:- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने की घोषणा, 243 सीटों पर होगा मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की आधिकारिक घोषणा सोमवार को कर दी गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस वार्ता कर बताया कि इस बार राज्य में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर (गुरुवार) को और दूसरे चरण की 11 नवंबर (मंगलवार) को कराई जाएगी। कुल 243 सीटों के लिए मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे।
पहले चरण का मतदान – 6 नवंबर
पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इनमें गोपालगंज, सीवान, बक्सर, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय और भोजपुर जिले शामिल हैं।
पहले चरण की समय-सारणी के अनुसार
गजट अधिसूचना: 10 अक्टूबर
नामांकन की अंतिम तिथि: 17 अक्टूबर
नामांकन पत्रों की जांच: 18 अक्टूबर
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 20 अक्टूबर
मतदान की तिथि: 6 नवंबर
दूसरा चरण – 11 नवंबर
दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होगा। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले शामिल हैं।
आयोग ने दी पारदर्शी चुनाव की गारंटी
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि आयोग की प्राथमिकता “स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव” कराना है। इस बार बूथों की संख्या बढ़ाई गई है ताकि मतदाताओं को लंबी कतारों से राहत मिल सके। साथ ही पहली बार राज्य के कई जिलों में 100% वीवीपैट मशीनों का उपयोग किया जाएगा।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। सभी प्रमुख दल — राजद, जदयू, भाजपा, कांग्रेस और अन्य — अपने प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। उधर, आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
Leave a Reply