6 अक्टूबर को बिहार की महिलाओं को नीतीश सरकार की बड़ी सौगात, खातों में आएंगे ₹10,000

पटना – बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” के तहत 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य की 21 लाख महिलाओं को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान करने जा रहे हैं। इस दिन पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹10,000 की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

सरकार का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। यह योजना खासकर उन महिलाओं के लिए है जो छोटे स्तर पर खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं।

पहले भी भेजी जा चुकी है राशि

इस योजना के पहले चरण में 26 सितंबर 2025 को 75 लाख महिलाओं को ₹10,000 की सहायता दी गई थी। इसके बाद 3 अक्टूबर को दूसरे चरण में 25 लाख महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर की गई। अब तीसरे चरण में 6 अक्टूबर को 21 लाख महिलाओं को यह लाभ मिलेगा।

क्या है योजना?

“मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” के तहत सरकार उन महिलाओं को ₹10,000 की राशि एकमुश्त प्रदान कर रही है, जो अपना कोई छोटा व्यवसाय जैसे– सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, किराना दुकान आदि शुरू करना चाहती हैं। भविष्य में योजना के तहत 6 महीने बाद प्रदर्शन के आधार पर ₹2 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण भी दिया जाएगा।

राजनीतिक हलचल भी तेज

विधानसभा चुनावों से पहले महिलाओं को दी जा रही यह आर्थिक सहायता राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। विपक्ष का आरोप है कि यह एक चुनावी स्टंट है, जबकि सरकार का दावा है कि यह योजना लंबे समय से योजना में थी और इसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है।