
फतेहपुर-पहाड़पुर मुख्य सड़क मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसा पहाड़पुर पावर ग्रिड के समीप हुआ है ।जहां गति पर नियंत्रण खोने के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें सवार कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया और सवार यात्री भी वाहन वहीं छोड़कर अपने-अपने घर लौट गए।
सूत्रों के अनुसार, सभी यात्री फतेहपुर में स्थित पूजा पंडाल और मेला देखकर लौट रहे थे। चालक कथित रूप से जल्द घर पहुंचने की जल्दी में तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे पेड़ से जा टकराई।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा फतेहपुर थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी मोहन कुमार ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक व वाहन स्वामी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रभारी ने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही से गाड़ी चलाने का प्रतीत होता है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











Leave a Reply