विजयादशमी पर फतेहपुर के मेले में उमड़ी भीड़, प्रशासन मुस्तैद

फतेहपुर (संवाददाता):विजयादशमी के अवसर पर फतेहपुर प्रखंड में आयोजित दुर्गा पूजा मेला में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मेले में अचानक लोगों की संख्या बढ़ने से भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में प्रशासन के लिए चुनौती उत्पन्न हो गई, लेकिन स्थानीय प्रशासन की सक्रियता के चलते स्थिति पर नियंत्रण बना रहा।

मेले में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी थानाध्यक्ष मोहन कुमार, अंचलाधिकारी अमिता सिंहा, तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू की अगुवाई में पुलिस बल एवं अन्य अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं। उन्होंने मेला स्थल पर पहुंचकर स्वयं व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मेला परिसर में संयम और शांति बनाए रखें तथा अपने स्वजनों के साथ सुरक्षित ढंग से घूमें। साथ ही वाहन चालकों को भी आगाह किया गया है कि वे अपने वाहन भीड़-भाड़ वाले इलाकों में न ले जाएं, जिससे यातायात बाधित न हो और किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सम्पन्न हो, इसके लिए सभी नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है।