बाबा कोटेश्वर नाथ दशहरा महोत्सव का सहकारिता मंत्री एवं पूर्व लोकायुक्त ने किया उद्घाटन

बेलागंज का प्राचीन कोटेश्वर नाथ धाम में बाबा कोटेश्वर नाथ धाम दशहरा महोत्सव का शुभारंभ रविवार की दोपहर बाद की गई। जिसका उद्घाटन बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री और पूर्व लोकायुक्त अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्याम किशोर शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन के उपरांत गया जिला प्रशासन के द्वारा मंच पर उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों को बाबा कोटेश्वर नाथ धाम का मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार धार्मिक स्थलों और प्राचीन पर्यटक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने कहा कि कोटेश्वर नाथ धाम से मेरा बहुत पुराना लगाव रहा है। यहां मंदिर में स्थापित बाबा कोटेश्वर की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सनातन धर्म के प्रतीक रहे कई धार्मिक और पौराणिक स्थलों का लगातार जीर्णोद्धार कराया गया है। चाहे अयोध्या का राम मंदिर हो या बिहार के सीता माता का भव्य निर्माण। केंद्र और प्रदेश की सरकार के नेतृत्व में देश के साथ साथ बिहार भी तेजी विकास कर रहा है। हर क्षेत्र ने विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। वहीं अपने संबोधन के दौरान पूर्व लोकायुक्त अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्याम किशोर शर्मा ने महोत्सव के दौरान व्यवस्था और कलाकारों के चयन को लेकर जिला प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से पिछले चार से लगातार भोजपुरी के प्रसिद्ध लोक गायक मनोज तिवारी को कार्यक्रम में शामिल करने का आग्रह करते आ रहे हैं, पर गया जिला प्रशासन को क्या परेशानी है जो हर बार हमें यह कह कर टाल दिया जाता है कि अगली बार जरूर मनोज तिवारी का कार्यक्रम लिया जाएगा। न्यायमूर्ति ने जिला प्रशासन के इस रवैया पर नाराजगी जताई। उद्घाटन के दौरान मौके पर बड़ी संख्या जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।