एसएसबी मुख्यालय में वृक्षारोपण अभियान, 700 पौधे लगाए गए

प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा ही स्वस्थ समाज और उज्ज्वल भविष्य की नींव- गोविन्द

नरकटियागंज। 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व द्वितीय कमान अधिकारी गोविन्द कुमार ठाकुर ने किया। इस अवसर पर कुल 700 बालवृक्षों का रोपण किया गया। इसके साथ ही बल मुख्यालय द्वारा निर्धारित 9000 पौधों के वृक्षारोपण लक्ष्य को समय पर पूरा कर लिया गया, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल है।पौधरोपण कार्यक्रम में डिप्टी कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार, उप कमांडेंट कृष्ण कुमार, रामनगर रेंज के आरएफओ विजय प्रसाद, फॉरेस्टर आशीष कुमार, निरीक्षक (सामान्य) मनोज कुमार समेत 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के बलकर्मी तथा बिहार पुलिस के नव प्रशिक्षु शामिल हुए। सभी ने मिलकर परिसर को हरियाली से भरने का संकल्प लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी गोविन्द कुमार ठाकुर ने बलकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पेड़-पौधे वातावरण को स्वच्छ रखते हैं, जल संरक्षण में सहायक होते हैं और जलवायु को नियंत्रित करते हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, क्योंकि वृक्ष ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित जीवन प्रदान कर सकते हैं।
इस अभियान के माध्यम से एसएसबी ने यह संदेश दिया कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा ही स्वस्थ समाज और उज्ज्वल भविष्य की नींव है।