विष्णुपद मंदिर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया पिंडदान, सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी

गयाजी। शनिवार को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष विमान से गया एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उनकी अगवानी की। इसके बाद वे सीधे विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने पितृपक्ष अवसर पर अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की प्राप्ति हेतु विधिवत पिंडदान किया।विष्णुपद मंदिर परिसर में राष्ट्रपति के आगमन को ध्यान में रखते हुए एल्युमिनियम फैब्रिकेटेड हॉल में तीन विशेष कक्ष बनाए गए थे। इनमें से एक कक्ष में राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने परिवार के साथ पंडा राजेश कटारियार की देखरेख में धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न किया। पूरे विधि-विधान से आयोजित इस पिंडदान में शास्त्र सम्मत मंत्रोच्चारण के बीच पवित्र फल्गु नदी के तट पर पूजा-अर्चना की गई।राष्ट्रपति के दौरे को लेकर गया प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से लेकर विष्णुपद मंदिर परिसर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई। प्रशासन ने आम श्रद्धालुओं की आवाजाही को भी नियंत्रित किया ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।गौरतलब है कि पितृपक्ष मेला के दौरान विष्णुपद मंदिर और फल्गु नदी क्षेत्र में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पिंडदान के लिए गयाजी पहुंचते हैं। ऐसे में राष्ट्रपति मुर्मू का यहां आकर पिंडदान करना इस आयोजन की गरिमा को और बढ़ाता है। उनका यह दौरा धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से ऐतिहासिक माना जा रहा है।